पेंशन के लाभ से वंचित न रहे कोई पात्र
-पर्यटन मंत्री ने शिविर कार्यालय पर शिकायतें सुनीं
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने शनिवार को शिविर कार्यालय पर शिकायतें सुनीं। अधिकारियों को पीडि़तों की शिकायतों का समय से निस्तारण करने के निर्देश दिए।
गढिय़ा निवासी रानी, नखतपुर निवासी कीर्ति, नगला बिहारी निवासी शीला देवी, अमामई निवासी रेखारानी ने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग की। आवास योजना का लाभ दिलाने के लिए संबंधित अधिकारी को निर्देश दिए। कहा कि कोई भी पात्र व्यक्ति वृद्धावस्था, दिव्यांगजन, निराश्रित महिला पेंशन का लाभ पाने से वंचित न रहे। प्रत्येक पात्र व्यक्ति को पेंशन योजना का लाभ मिले।
नगला गुढ़ी निवासी सुरेश सिंह ने पैमाइश कराने, कमलपुर निवासी सत्य प्रकाश ने सड़क निर्माण कराने, घुसूपुर निवासी सुनीता ने ससुरालीजनों द्वारा घर से निकाले जाने, बदनपुर निवासी विजेंद्र सिंह ने नलकूप लगवाने, टिंडौली निवासी राजन सिंह ने पैमाइश कराने, अहिरवा निवासी शीलादेवी ने कब्जा हटवाने की मांग की। जिलाध्यक्ष राहुल चतुर्वेदी, एसडीएम सदर अभिषेक कुमार, सीओ सिटी संतोष कुमार मौजूद रहे।