आगरा में परिषदीय प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में पढ़ाने वाले करीब 94 फीसदी शिक्षक ऑनलाइन शिक्षण के लिए दीक्षा एप पर उपलब्ध सामग्री को पढ़ रहे हैं। यह जानकारी बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) ने दी है। ये शिक्षक ऑनलाइन माध्यम से कितने विद्यार्थियों को पढ़ा रहे हैं, इसका कोई रिकॉर्ड नहीं है। न तो विद्यार्थियों की उपस्थिति दर्ज की जा रही है और न ही कोई रिपोर्ट बनाई जा रही है।
परिषदीय स्कूलों में अप्रैल से ही शिक्षक अभिभावकों का व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर पाठ्य सामग्री भेज रहे हैं। यहां तक कि गर्मी की छुट्टियों में भी यह प्रक्रिया चली। जिले में 9898 शिक्षक (नई नियुक्ति के शिक्षकों को छोड़कर) कार्यरत हैं। इसमें दीक्षा एप को इस्तेमाल करने वाले शिक्षकों की संख्या 94 फीसदी है।
बेसिक शिक्षा अधिकारी राजीव कुमार यादव ने बताया कि प्रत्येक शिक्षक ने 25-26 अभिभावकों का व्हाट्सग्रुप बनाया है, उस पर शिक्षण सामग्री डाल रहे हैं। इन कक्षाओं में पढ़ने वाले विद्यार्थियों की कोई रिपोर्ट शासन स्तर से मांगी नहीं गई है, इसलिए उसे तैयार नहीं कराया गया है।