मैनपुरी। बिजली चोरी रोकने और बकाएदारों पर शिकंजा कसने के लिए निगम ताबड़तोड़ कार्रवाई कर रहा है। इसी के चलते बृहस्पतिवार को 81 लाख रुपये का बिल बकाया होने पर नौ गांवों की आपूर्ति निगम ने बंद करा दी। बिल जमा होने तक ये आपूर्ति बंद रहेगी।
अधीक्षण अभियंता अतुल अग्रवाल के निर्देश पर पतारा उपकेंद्र क्षेत्र के गांव मेरापुर और हवेली के साथ-साथ उपकेंद्र औंग के गांव तुरशनगढ़ी की बिजली आपूर्ति बंद करा दी गई। मेरापुर में 65 उपभोक्ताओं पर दस लाख रुपये, हवेली में 45 उपभोक्ताओं पर सात लाख रुपये और तुरशनगढ़ी में 18 उपभोक्ताओं पर चार लाख रुपये का बिल बकाया है। वहीं उपकेंद्र अरसारा के गांव तकिया नगरिया में आठ उपभोक्ताओं पर तीन लाख रुपये, गांव सुल्तानपुर में सात उपभोक्ताओं पर सात लाख रुपये, गांव नंदपुर में दस उपभोक्ताओं पर पांच लाख रुपये और गांव गोकुलपुर में पांच उपभोक्ताओं पर तीन लाख रुपये का बिल बकाया होने के चलते आपूर्ति बंद करा दी गई। इसके अलावा उपकेंद्र चौराईपुर के गांव चतुरीपुर में 65 कनेक्शनधारकों पर 40 लाख रुपये का, गांव सतियाहार में 21 कनेक्शनधारकों पर चार लाख रुपये का बिल बकाया होने पर आपूर्ति बंद करा दी गई।
---
तीन गांवों में आंशिक आपूर्ति कराई बंद
विद्युत निगम ने किशनी क्षेत्र के तीन गांवों में बिल बकाया होने पर आंशिक आपूर्ति भी बंद कराई। इसमें उपकेंद्र चौराईपुर क्षेत्र के गांव बसैत में एक गली में तीन लाख रुपये का बिल बकाया होने पर केबिल उतार ली गई। इसके अलावा उपकेंद्र अरसारा क्षेत्र के गांव डेराडूंगरपुर और ग्राम दूबर की एक-एक गली की भी आपूर्ति केबिल उतारकर बंद कराई गई।