कासगंज। यूपी बोर्ड की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन कार्य की तैयारियां तेज हो गई हैं। जिले में दोनों केंद्रों पर 894 शिक्षक मूल्यांकन कार्य करेंगे। शिक्षकों की ऑनलाइन नियुक्ति की गई है। परिषद से नियुक्ति पत्र भी उपलब्ध करा दिए गए हैं। उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन 16 मार्च से शुरू होना है। बोर्ड से हाईस्कूल की 1.23 लाख उत्तर पुस्तिकाएं आवंटित की गई है। बीएवी इंटर कालेज केंद्र पर मूल्यांकन कार्य होगा। हाई स्कूल की उत्तर पुस्तिका मूल्यांकन में 529 शिक्षकों को लगाया गया है। जिसमें से 49 शिक्षकों को प्रधान परीक्षक बनाया गया है। इंटर की 95 हजार उत्तर पुस्तिकाएं मूल्यांकन के लिए जिले को आवंटित की गई है। इंटर की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन सुमंत कुमार माहेश्वरी इंटर कालेज पर होगा। इस केंद्र पर 364 शिक्षकों को मूल्यांकन कार्य में लगाया गया है। जिसमें से 35 शिक्षक प्रधान परीक्षक बनाए गए हैं। उत्तर पुस्तिका मूल्यांकन में लगे शिक्षकों के नियुक्ति पत्र सुमंत कुमार माहेश्वरी इंटर कालेज पर प्राप्त हो गए हैं। शिक्षक बृहस्पतिवार को मूल्यांकन केंद्र से नियुक्ति पत्र प्राप्त कर लें।