कछपुरा विद्यालय में बोरिंग करने लगी हुई मशीन
सैंया। विकासखंड सैंया की ग्राम पंचायत पुसैता के मजरा कछपुरा स्थित परिषदीय प्राथमिक विद्यालय में लगी पुरानी सबमर्सिबल खराब होने के कारण पिछले 10 माह से बच्चे पीने के पानी के लिए घर-घर भटकने को मजबूर थे। ‘अमर उजाला’ में खबर प्रकाशित होने के बाद आखिरकार जिम्मेदार अधिकारियों की नींद टूटी और खंड विकास अधिकारी जयकिशन दोहरे के निर्देश पर सबमर्सिबल के लिए नई बोरिंग करा दी गई। इससे छात्र-छात्राओं को पेयजल संकट से राहत मिलेगी। बता दें कि विद्यालय के शिक्षक चंदन मन्ना ने इस समस्या को लेकर जिलाधिकारी से लिखित शिकायत की थी। ‘अमर उजाला’ ने भी बच्चों की इस परेशानी को प्रमुखता से प्रकाशित किया था।