कासगंज। परिषदीय स्कूल में कक्षा एक व दो में पढ़ने वाले बच्चों के हाथ में जल्द ही किताबें होंगी। इन कक्षाओं की पुस्तकें जिले में आना शुरू हो गई है। इस बार एनसीईआरटी पाठ्यक्रम लागू होने के कारण पाठ्यपुस्तकों को देरी से भेजा गया है।परिषदीय विद्यालयों में कक्षा एक से आठ तक के बच्चों को शासन द्वारा निशुल्क पाठ्य पुस्तकें उपलब्ध कराई जाती है। शिक्षा सत्र 2024-25 के लिए भी एक अप्रैल से किताबों को बांटने के लिए व्यवस्था निर्धारित की गई। शासन से कक्षा तीन से आठ तक की पाठ्य पुस्तकों का वितरण तो अप्रैल माह में बच्चों को कर दिया गया, लेकिन कक्षा एक व दो में शासन से एनसीईआरटी पाठ्यक्रम लागू कर दिया गया, जिससे किताबों की उपलब्धता नहीं हो सकी। अब इन पुस्तकों को उपलब्ध कराना शुरू कर दिया गया है। कक्षा एक में अभी तक मृदंग, आनंदमय गणित, सारंगी एवं कक्षा दो में सारंगी व आनंदमय गणित की पुस्तकों को उपलब्ध कराया गया है। शेष किताबों के भी जल्द ही आने की संभावना है। बीएसए सूर्य प्रताप सिंह का कहना है कि कक्षा एक व दो की किताबें आना शुरू हो गई है। इनका सत्यापन कराने के बाद स्कूलों को भेजा जाएगा। जल्द ही बच्चों के हाथों में किताबें होंगी।