एसडीएम ने तहसीलदार को दिए जांच के निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
भोगांव। थाना क्षेत्र के गांव सूरजपुर में आरोपी ने अपने भांजे के मकान पर ही कब्जा कर लिया। पीड़ित ने एसडीएम को प्रार्थनापत्र देकर कार्रवाई किए जाने की मांग की। एसडीएम ने तहसीलदार को जांच कर रिपोर्ट दिए जाने के निर्देश दिए हैं। पीड़ित को कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
तहसील क्षेत्र के गांव सूरजपुर निवासी राधे श्याम ने एसडीएम को प्रार्थनापत्र दिया। बताया कि वह गांव में खेतीबाड़ी से परिवार का गुजर-बसर नहीं कर पा रहा था, जिस कारण वह दिल्ली में किराए का मकान लेकर बच्चों के साथ रहता है। वहां एक कंपनी में प्राइवेट नौकरी कर परिवार का भरण-पोषण कर रहा है।
दिल्ली जाने से पहले मकान की देखभाल करने के लिए गांव में ही अपने मामा को चाबी दी थी। इस बीच मुख्यमंत्री की महत्वाकांक्षी योजना तहसील में चलाई गई, जिसमें उसके मामा की नीयत में खोट आ गया और उसने एक लेखपाल के साथ मिल कर मकान अपने नाम करा लिया। अब मकान पर कब्जा जमाए हुए है। एसडीएम संध्या शर्मा मामले की जांच तहसीलदार को सौंपी है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई करेंगी।