कासगंज। अमांपुर क्षेत्र में एक भतीजे ने जमीन के लालच में आकर अपने ही चाचा की जान ले ली। रविवार की देर शाम चाचा का शव उसके ही खेत में पड़ा मिला। इसके बाद भतीजा गांव से फरार हो गया। सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना अमांपुर के गांव सरसई नरू निवासी प्रमोद उर्फ कल्लू (45) पुत्र प्रताप अपने घर से सुबह से लापता था। शाम के समय करीब 7 बजे इनका शव गांव से एक किमी दूर अपने खेत में मिला। ग्रामीणों ने जब शव देखा तो इसकी जानकारी परिजन को दी। सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने जब यहां पूछताछ की तो पता लगा कि मृतक प्रमोद की शादी तो हुई थी लेकिन उसकी पत्नी उसे किन्हीं कारणों से छोड़ कर चली गई थी। वह बुलंदशहर में अपनी बहन के यहां रह रहा था और 10 जुलाई को अपने भाई विनोद के छोटे बेटे रनवीर की शादी में शामिल होने के लिए अपनी बहन गुड्डो देवी के साथ गांव आया हुआ था।
मृतक की बहन गुड्डो देवी का आरोप है कि प्रमोद को उसका भतीजा उपेंद्र सुबह घर से अपने साथ ले गया था। इसके बाद प्रमोद वापस नहीं लौटा। आरोप है कि उपेंद्र की नजर अपने चाचा की जमीन पर थी। इसके लालच में ही भतीजे उपेंद्र ने अपने चाचा की हत्या कर दी है। अपर पुलिस अधीक्षक राजेश भारती ने बताया कि थाना अमांपुर क्षेत्र में एक युवक का शव देर शाम उसके अपने खेत में मिला है। उसके चेहरे सहित शरीर पर चोट के निशान हैं। युवक की हत्या का आरोप उसके ही भतीजे पर है। हालांकि अभी तहरीर नहीं मिली है।