रुनकता। कस्बे में सोमवार की दोपहर दबंग पड़ोसियों ने एक परिवार पर हमला कर दिया। घर में घुसकर दो युवतियों और उनकी मां की ईंट-पत्थरों और लात-घूंसों से बेरहमी से पिटाई की। हमले में तीनों घायल हो गईं। पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। रुनकता निवासी विष्णु परमार सोमवार को न्यायालय में तारीख पर गए थे। आरोप है कि तभी विपक्ष की एक महिला ने मजिस्ट्रेट के सामने ही अधिवक्ता से अभद्रता की, जिस पर उसे परिसर से बाहर करा दिया गया। आरोप है कि इससे नाराज होकर उक्त महिला अपने परिजन के साथ विष्णु परमार के घर पहुंची और एक राय होकर घर में घुसकर ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। हमलावरों ने घर में लगे सीसीटीवी कैमरे भी तोड़ दिए और अंदर घुसकर युवतियों व उनकी मां को जमीन पर गिराकर लात-घूंसों से जमकर पीटा। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी श्याम व सौरभ को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने घायल दोनों युवतियों और उनकी मां को चिकित्सकीय परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।