कासगंज। जिले में विद्युत विभाग के कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर लापरवाही सामने आ रही है। लगातार हादसों के बावजूद लाइनमैन खुलेआम बिना सुरक्षा उपकरणों के ही बिजली की लाइनों पर काम करते देखे जा सकते हैं। ताजा घटना में लाइनमैन अरविंद को बिना सुरक्षा इंतजाम के काम करने के कारण अपनी जान गंवानी पड़ी। अरविंद ने हाई वोल्टेज से बचाव के लिए आवश्यक इंसुलेटेड दस्ताने, हेलमेट, इंसुलेटेड बूट्स, फेस शील्ड या गॉगल्स जैसे सुरक्षा उपकरण नहीं पहने थे, जिसके कारण वह करंट की चपेट में आ गया और उसकी मौत हो गई। यह कोई पहला मामला नहीं है, अक्सर लाइनमैन को इसी तरह लापरवाही से काम करते देखा जाता है, जिसकी भारी कीमत उन्हें अपनी जान देकर चुकानी पड़ती है। कर्मचारियों की करंट लगने से हो रही मौतों में विद्युत निगम की लापरवाही भी कम नहीं है। विभाग के पास कर्मचारियों को उपलब्ध कराने के लिए पर्याप्त सुरक्षा उपकरणों का अभाव है। खासकर पैरों को करंट से बचाने वाले इंसुलेटेड बूट्स और आंखों व चेहरे की सुरक्षा के लिए फेस शील्ड या गॉगल्स जैसे महत्वपूर्ण उपकरण पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध नहीं हैं, जिसके चलते कर्मचारियों को बिना सुरक्षा के ही जोखिम भरे काम करने पर मजबूर होना पड़ता है। सुरक्षा नियमों की अनदेखी और उपकरणों की कमी के चलते जिले में पहले भी कई दर्दनाक हादसे हो चुके हैं, जिनमें लाइनमैनों को अपनी जान गंवानी पड़ी है या वे गंभीर रूप से घायल हुए हैं।