कासगंज। परिवार कल्याण कार्यक्रम के तहत अशोक नगर स्वास्थ्य केंद्र पर आयोजित किया गया पुरुष नसबंदी शिविर लापरवाही की भेंट चढ़ गया। आपरेशन के लिए चिकित्सक की टीम न आने से नसबंदी करवाने पहुंचे चार पुरुष वापस लौट गए। बढ़ती जनसंख्या पर नियंत्रण के लिए पुरुष नसबंदी कराने पर शासन का जोर है। शासन से नसबंदी कराने पर पुरुषों को महिलाओं से अधिक प्रोत्साहन राशि दी जाती है। जिससे वे आगे आ सकें। स्वास्थ्य विभाग ने अशोक नगर स्वास्थ्य केंद्र पर पुरुष नसबंदी के लिए शिविर की व्यवस्था की। इस शिविर के लिए स्वास्थ्य केंद्र पर चार पुरुष नसबंदी कराने के लिए पहुंच भी गए लेकिन काफी देर इंतजार करने के बाद भी आपरेशन करने के लिए चिकित्सक की टीम अस्पताल पर नहीं आई। इसके बाद नसबंदी को आए पुरुष वापस लौट गए। सीएमओ डॉ. राजीव अग्रवाल ने बताया कि नसबंदी शिविर के लिए जिस टीम को बुलाया गया वह पांच केस होने पर ही आपरेशन के लिए आती है, चार केस होने पर टीम ने आने से मना कर दिया। शीघ्र ही पुरुष नसबंदी का शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर के लिए पर्याप्त संख्या की व्यवस्था की जाएगी।