कासगंज। जिला कार्यक्रम अधिकारी सुशीला ने बृहस्पतिवार को जिले के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण में छह आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं पांच सहायिका अनुपस्थित मिली। इन सभी से स्पष्टीकरण मांगा गया है। इसके अलावा केंद्रों पर पुष्टाहार और अभिलेख संबंधी अनियमितताएं भी पाई गईं।डीपीओ सुशीला ने बृहस्पतिवार की सुबह सबसे पहले 8:39 बजे कंपोजिट विद्यालय हिम्मतपुर सई में संचालित आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण करने पहुंची। निरीक्षण में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता कुसुमलता उपस्थित मिलीं, लेकिन वह अभिलेख नहीं दिखा सकीं। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मीरा देवी, शशि, सुमन व मीना और सहायिका मीना, ललिता, मालती, राजवती अनुपस्थित मिलीं। नगला चिंत्ती के आंगनबाड़ी केंद्र पर तैनात कार्यकर्ता नीरज केंद्र पर उपस्थित मिलीं परंतु केंद्र से संबंधित अभिलेखों का अवलोकन नहीं करा सकी। अनुपूरक पुष्टाहार के वितरण पंजिका में काफी खामियां मिलीं, अन्य कोई अभिलेख भी नहीं मिला। प्राथमिक विद्यालय किसरौली पर संचालित तीन केंद्र पर मात्र कार्यकर्ता लता उपस्थित मिली। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता नीतन, पवना व सहायिका वीना गैरहाजिर थीं। लता के अभिलेख अवलोकन पर पाया कि वितरण पंजिका में लाभार्थियों के वितरण किए गए पुष्टाहार की मात्रा का अंकन नहीं किया गया है। जिससे पुष्टाहार के निजी स्वार्थ में उपयोग की संभावना है। प्राथमिक विद्यालय नरौली पर संचालित केंद्र पर तैनात आंगनबाड़ी कार्यकर्ता राजकुमारी, सरोज, हेमलता उपस्थित मिलीं। केंद्र पर बच्चों को भावगीत कराया जा रहा था। डीपीओ ने बताया कि अनुपस्थित कार्यकर्ता, सहायिका एवं अभिलेख न दिखाने वाली कार्यकर्ताओं से तीन दिन में स्पष्टीकरण मांगा गया है। स्पष्टीकरण समय से प्रस्तुत न करने पर मानदेय रोकने की कार्यवाही की जाएगी।