पटियाली। गंगा के उफान का असर पटियाली क्षेत्र में बढ़ रहा है। नरदौली से राजेपुर कुर्रा की ओर जाने वाला मार्ग बाढ़ के पानी से कट गया है। मार्ग के कटने से ग्रामीण चिंतित हो गए हैं। यह मार्ग पूरी तरह से कटा तो दस गांवों का आवागमन प्रभावित हो जाएगा। तहसीलदार ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। लोक निर्माण विभाग को मामले की जानकारी देते हुए सुरक्षात्मक उपाय के लिए कहा है।गंगा के जलस्तर में लगातार वृद्धि का सिलसिला होने से पटियाली क्षेत्र का इलाका प्रभावित होने लगा है। दोपहर के बाद यह मार्ग कटने लगा। बाढ़ का पानी एक ओर से दूसरी ओर गिरता नजर आ रहा था। गिरते पानी से सड़क जगह-जगह कटती रही। इस समय सड़क पर पानी बह रहा है, यदि यह मार्ग पूरी तरह से कट गया तो मूझखेड़ा, नगला दुर्जन, नगला नरपत, जय किशन नगला, नगला थाना, पदम नगला, राजेपुर कुर्रा सहित आसपास के अन्य गांवों का आवागमन प्रभावित हो सकता है।पटियाली के तहसीलदार जितेंद्र कुमार, नायब तहसीलदार मुकेश कुमार ने राजस्व टीम के साथ मौके का निरीक्षण किया। टीम की रिपोर्ट के आधार पर एसडीएम कुलदीप सिंह ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को सडक़ के बचाव के संबंध में निर्देशित किया है।