कासगंज। नगर पंचायत भरगैन में सपा एवं कांग्रेस के प्रत्याशियों को निर्दलीय प्रत्याशी कड़ी टक्कर देते नजर आए, लेकिन इस चुनाव में वर्ष 2017 के चुनाव के मुकाबले मतदान के प्रतिशत में गिरावट आ गई। 55.9 प्रतिशत मतदाता ही अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए बूथों तक पहुंचे।
नगर पंचायत में इस बार समाजवादी पार्टी, एवं कांग्रेस ने ही अपने प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतारे। इसके अलाव 9 प्रत्याशी निर्दलीय चुनाव मैदान में उतरे। सपा ने निवर्तमान चेयरमैन जैतून वानों के स्थान पर पूर्व चेयरमैन अब्दुला खां को जबकि कांग्रेस से अजहर अली मैदान में उतरे। निवर्तमान चेयरमैन की पुत्र वधु रिहाना बानो निर्दलीय चुनाव में उतारी। वहीं पिछले चुनाव में भाजपा से चुनाव लड़कर दूसरे स्थान पर रहने वाली नजमा बेगम के पति पूर्व चेयरमैन चमन खां निर्दलीय मैदान में उतरे।
मतदान को लेकर मतदाताओं में उत्साह कम नजर आया। सुबह से ही इक्का दुक्का मतदाता ही मतदान के लिए बूथों तक पहुंचे। सुबह 9 बजे तक 14.51 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। सुबह 9 से 11 बजे के बीच मतदान में कुछ तेजी आई। इस अवधि में मतदान का प्रतिशत 30.3 तक पहुंच गया। इसके बाद फिर से मतदान की गति धीमी हो गई। नगर पंचायत में 21085 मतदताओं मेंं से मतदान समाप्त होने तक मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। वर्ष 2017 के चुनाव में 61.66 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस बार मतदान के प्रतिशत में 5.76 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की रई। पिछले चुनाव में हुए बवाल को देखते हुए प्रशासन इस बार काफी सख्त रहा।