बाह: लालपुरा में सुखभान, पहलवान के थान पर हुई नाग पंचमी की पूजा
बाह। जैतपुर के लालपुरा गांव में सुखभान और पहलवान के थान पर पृथ्वीराज चौहान के जमाने से नाग पंचमी का मेला लग रहा है। बुजुर्ग बताते हैं कि पृथ्वीराज चौहान दिल्ली से संयोगिता को लेने के लिए बाह के रास्ते कन्नौज को निकले थे। नाग पंचमी के दिन जयचंद ने उन पर चढ़ाई कर दी थी। लड़ाई में लालपुरा के सुखभान और पहलवान की जान चली गई थी। कमल सिंह नरवरिया ने बताया कि तभी से उनकी स्मृति में बने सुखभान और पहलवान के थान पर नाग पंचमी का मेला लगता आ रहा है। सोमवार को सुखभान और पहलवान के थान पर दूध की धार चढ़ाई गई। इटावा, भिंड, मुरैना, फिरोजाबाद, धौलपुर तक के लोग शामिल हुए। पीपल के पेड़ के नीचे विषबेल के इलाज के लिए ढाक भी बजाई गई। लालपुरा के अलावा नौगवां के राधाकृष्ण मंदिर पर भी पूजा-पाठ, भजन, कीर्तन और ढाक बजाई गई।