मैनपुरी में थाना घिरोर क्षेत्र के बादशाहपुर में एसबीआई ग्राहक सेवा केंद्र संचालक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। बृहस्पतिवार की देर रात शव दन्नाहार क्षेत्र में जौहरी नगर नहर के पास पड़ा मिला। परिजन ने तीन लाख रुपये लूटने के बाद हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
बैंक से निकालने गया था पैसे
गांव बादशाहपुर निवासी 34 वर्षीय अमीर सिंह गांव में ही घर के नीचे एसबीआई बैंक का ग्राहक सेवा केंद्र चलाते थे। बृहस्पतिवार की शाम करीब तीन बजे वह बैंक से तीन लाख रुपये निकालने गए थे। जब काफी देर तक घर नहीं लौटे तो पत्नी अनुपम परेशान हो गईं। परिचित व रिश्तेदारों को फोन कर जानकारी ली गई, लेकिन कोई खबर नहीं मिल सकी। अमीर का फोन भी स्विच ऑफ आ रहा था। रात साढ़े दस बजे परिजन को दन्नाहार क्षेत्र में अमीर सिंह का शव पड़ा होने की जानकारी मिली। पत्नी व अन्य परिजन मौके पर पहुंच गए। शव से कुछ दूर उनकी वैगनआर कार भी खड़ी हुई थी। सीने में चाकू से कई वार कर हत्या की गई थी।
हत्याकांड में पुलिस के हाथ लगे अहम सुराग
पत्नी अनुपम ने आरोप लगाया कि पति से तीन लाख रुपये लूटने के बाद हत्या की गई है। वहीं एसपी मैनपुरी कमलेश दीक्षित का कहना है कि मृतक की पत्नी की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस को अहम सुराग हाथ लगे हैं। जल्द हत्याकांड का खुलासा कर आरोपियों को जेल भेजा जाएगा।
फोरेंसिक टीम ने लिए नमूने
हत्या जिस स्थान पर की गई वहां फोरेंसिक टीम के एक्सपर्ट ने पहुंचकर जांच की। मौके से कुछ नमूने भी लिए गए। खोजी कुत्ता भी घटनास्थल पर सुरागकशी करता नजर आया। पुलिस ने नहर के आसपास काफी देर तक घटना से जुड़े सुराग आदि की तलाश की। कुछ खास हाथ नहीं लग सका।