सोरोंजी (कासगंज)। सोमवती अमावस्या का महास्नान पर्व 17 जुलाई को है। इस दिन हजारों की संख्या में श्रद्धालु तीर्थनगरी आकर अपने पूर्वजों की आत्म शांति के लिए तीर्थपुरोहितों से अनुष्ठान कराकर गंगा स्नान करेंगे। वहीं, दान पुण्य कर आशीष ग्रहण करेंगे। नगर पालिका प्रशासन की ओर से इस महास्नान पर्व के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। नगरपालिका अध्यक्ष रामेश्वर दयाल महेरे ने मेला ग्राउंड, पशु नुमाइश ग्राउंड, हरि की पौड़ी के घाटों, लहराघाट का निरीक्षण कर स्नान पर्व की तैयारियों के संबंध में अधीनस्थों को आवश्यक निर्देश दिए। श्रद्धालुओं के वाहनों की पार्किंग के लिए मेला ग्राउंड में व्यवस्थाएं बनाने, अस्थायी नल लगाने, अस्थायी शौचालय बनाने, खोया पाया कैंप, वाटर प्रूफ यात्री सहायता केंद्र बनाने के निर्देश दिए। हरि की पौड़ी किनारे परिक्रमा मार्ग पर प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त करने, विशेष स्वच्छता अभियान चलाने, स्नानार्थियों को किसी दुर्घटना से बचाने के लिए गोताखोर तैनात करने के लिए भी निर्देशित किया। लहरा घाट पर गहरे पानी में श्रद्धालुओं को जाने से रोकने के लिए संकेतक लगाने, लहरा-सोरोंजी मार्ग पर वाटर टैंक व मोबाइल टॉयलेट रखवाने के लिए कहा। इस दौरान अधिशाषी अधिकारी मुकेश कुमार, पंकज भार्गव, जयप्रकाश दुबे, शैलेंद्र प्रताप आदि मौजूद रहे।