आगरा। शहर को स्वच्छ सर्वेक्षण 2026 में अव्वल लाने के लिए नगर निगम प्रशासन ने तैयारी की है। सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर निर्माण एवं मलबा फेंकने वालों पर जुर्माना लगाया जाएगा। सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम ने बताया कि भवन निर्माण या मरम्मत के दौरान निकलने वाला मलबा अब घरों के बाहर नहीं दिखेगा। यदि किसी को मलबा हटवाना है, तो वह सीधे नगर निगम के कंट्रोल रूम में सूचना दे सकता है। किसी ने चोरी-छिपे सड़कों या खाली प्लॉटों में मलबा डंप किया, तो उस पर कार्रवाई की जाएगी। नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने कहा कि शहर की सुंदरता और स्वच्छता से समझौता नहीं किया जाएगा। सार्वजनिक स्थानों पर सीएनडी वेस्ट डालना पूरी तरह प्रतिबंधित है।