फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Agra News: सड़कों के निर्माण में लापरवाही पर गुस्साए सांसद राजवीर

Mon, 29 Jan 2024 11:53 PM IST
आगरा ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, आगरा
विज्ञापन
विज्ञापन
कासगंज। सांसद राजवीर सिंह ने जिले के अन्य जनप्रतिनिधियों व प्रशासनिक अधिकारियों के साथ कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक में विकास कार्यों और शासन की योजनाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने गोरहा नहर के किनारे अधूरे सड़क निर्माण पर कड़ी नाराजगी जताते हुए लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता से इस संबंध में विस्तृत जानकारी मांगी है। साथ ही जननिगम द्वारा पाइपलाइन डालने के बाद सड़कों पर गड्ढे खुले छोड़ देने पर मरम्मत सुनिश्चित करवाकर सत्यापन करवाने के निर्देश भी दिए। बैठक दौरान अमांपुर से सिढ़पुरा एवं सिढ़पुरा से पटियाली तक सड़क निर्माण में खराब गुणवत्ता की शिकायतों को भी गंभीरता से लेते हुए सांसद जांच कराने के निर्देश दिए। उन्होंने जिलाधिकारी से कहा कि समिति गठित कर जांच कराई जाए। वहीं जलनिगम के द्वारा पाइपलाइन डालने के लिए खोदी गई सड़कों की मरम्मत नहीं कराने पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि जहां भी पाइपलाइन डाली गई है वहां की सड़कों को तत्काल ठीक किया जाए। उन्होंने कहा कि अधिकारी सभी खोदी गई सड़काें की मरम्मत सुनिश्चित कराएं और सत्यापन कराएं। उन्होंने कहा कि आदर्श गांव और अमृत सरोवरों की स्थिति की जांच जनप्रतिनिधियों के द्वारा कराई जाए। उन्होंने कहा कि सांसद खेल प्रतियोगिता को भव्यता के साथ आयोजित कराया जाए। जनशिकायतों का निस्तारण प्राथमिकता से किया जाए। किसान दुर्घटना बीमा योजना में फाइलों का निस्तारण शीघ्रता से किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि केंद्र व राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कार्यक्रमों व योजनाओं को निर्धारित समय पर गुणवत्तापरक ढंग से पूर्ण कराएं, जो धरातल पर दिखाई दें। शासन की मंशा के अनुरूप जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के पात्र अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जाए। आवास योजना की समीक्षा के दौरान उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र योजना से वंचित नहीं रहना चाहिए। सभी अधिकारी, जन प्रतिनिधियों से समन्वय बनाकर कार्य करें। जनप्रतिनिधियों द्वारा दिए गए सुझावों और प्रस्तावों पर भी पूरा ध्यान दिया जाए। जिलाधिकारी सुधा वर्मा ने कहा कि सभी निर्देशों का शतप्रतिशत पालन कराया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें