कासगंज। एटा-कासगंज क्षेत्र से सपा के सांसद देवेश शाक्य ने संसद में रेल बजट पर चर्चा में बोलते हुए क्षेत्र की मांगे उठाईं। रेल मंत्री से इन मांगों पर बजट में प्रावधान करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि एटा-कासगंज के लोगों को 60 वर्षों से कासगंज-एटा रेल लाइन के जुड़ने का इंतजार है। रेल बजट में इसके लिए प्रावधान किया जाए।सांसद देवेश शाक्य ने रेलवे से जुड़ी अन्य मांगें भी उठाईं। उन्होंने कहा कि कासगंज का सोरोंजी क्षेत्र संत तुलसीदास की जन्मस्थली है जबकि पटियाली अमीर खुसरो की जन्मस्थली है। ऐसी स्थिति में कासगंज और हरिद्वार के बीच ट्रेन का संचालन शुरू हो। इसके अलावा उन्होंने कासगंज से फर्रुखाबाद के बीच एक पैसेंजर ट्रेन की मांग उठाई। इसके अतिरिक्त उन्होंने कासगंज के अमांपुर मार्ग की रेल फाटकों की बड़ी समस्या को उठाया। उन्होंने कहा कि डेढ़ किलोमीटर के दायरे में अमांपुर गल्ला मंडी मार्ग पर दो रेल फाटक पड़ते हैं। इस इलाके में गल्ला मंडी है। वहीं स्कूल कॉलेज भी हैं। उन्होंने कहा कि किसान और छात्र रेलवे फाटक पर जाम में फंसे रहते हैं। कई बार जाम में एंबुलेंस फंस जाती है। इन दोनों रेल फाटकों पर ओवरब्रिज बनाए जाने की जरूरत है। सांसद देवेश शाक्य ने रेल मंत्री से मांग की कि पारित हो चुके रेल बजट में कासगंज-एटा क्षेत्र की इन रेल परियोजनाओं के लिए प्रावधान सुनिश्चित किए जाएं। सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता अब्दुल हफीज गांधी ने बताया कि सांसद के द्वारा लगातार क्षेत्र की समस्याओं को संसद में उठाया जा रहा है। इससे पार्टी के कार्यकर्ता और जिले के लोग उत्साहित हैं। लगातार दूसरी पर संसद सत्र में क्षेत्र की समस्याओं को सपा सांसद ने उठाया है।