एक साल से पति से दूर मायके में रह रही महिला जब मिशन शक्ति केंद्र पर पति के सामने बैठी तो कुछ ही देर में दंपती के बीच में पनपी गलतफहमियां दूर हो गईं। विवाद निस्तारण के बाद दंपती खुशी-खुशी घर चले गए। थाना क्षेत्र के गांव महमूदिया निवासी पिंकी देवी ने मल्लापुर खास में रहने वाले पति पर शराब पीकर आए दिन पीटने गाली गलौज करने का आरोप लगाया था। प्रार्थना पत्र में कहा था कि पति के किसी अन्य महिला के साथ संबंध हैं जिस कारण झगड़े होते थे। एक साल से वह अपने मायके में रह रही है। बृहस्पतिवार को मिशन शक्ति केंद्र पर दोनों पक्ष के लोगों को बुलाया गया। दंपती आमने सामने बैठे तो दोनों के बीच पनपी गलत फहमियां दूर होते अधिक देर नहीं लगी। तय हुआ कि दंपती के बीच के मामलों में परिजन दखल नहीं देंगे, दोनों पक्ष के लोग इस बात पर सहमत हो गए। दोनों पक्ष के बीच सहमति बनने के बाद दंपती को केंद्र से विदा किया गया।