कासगंज। नगर पंचायत मोहनपुर को विकासखंड बनाए जाने की मांग को लेकर प्रदीप रघुनंदन ने प्रतिनिधिमंडल के साथ सोरोंजी में मार्गशीर्ष मेले के उद्घाटन के लिए पहुंचे नगर विकास राज्य मंत्री महेश चंद्र गुप्ता से मुलाकात की। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के स्तर पर मोहनपुर को ब्लॉक बनवाए जाने की दिशा में सहयोग मांगा। मंत्री जी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि वह मोहनपुर को विकासखंड बनाए जाने की मांग को मुख्यमंत्री के समक्ष रखेंगे। संयोजक प्रदीप रघुनंदन ने कहा कि मोहनपुर जनपद कासगंज की सबसे पुरानी नगर पंचायत होने के बाद भी जन सुविधाओं के लिए तरस रही है। यहां बिजली, पानी सड़क, सुरक्षा, शिक्षा के इंतजाम नहीं है और यहां के बच्चों की शिक्षा एवं युवाओं को रोजगार के लिए भटकना पड़ रहा है। वर्ष 2016-17 में आंदोलन के जरिए यह मांग सरकार के समक्ष रखी गई। प्रतिनिधिमंडल में आदर्श गुप्ता, सुबोध पंडित, संतोष पांडे, पियूष साहू,चंद्र भान मिश्रा, मुन्ना लाल यादव, राजेश गुप्ता, वेद प्रकाश गुप्ता,प्रमोद गुप्ता, सुरेश चंद्र गुप्ता, शफीक उपस्थित थे।