मैनपुरी। श्रीदेवी मेला एवं ग्राम सुधार प्रदर्शनी के कादंबरी रंगमंच पर 14 अप्रैल को जनपदीय महिला सम्मेलन का आयोजन होगा। आयोजन के लिए सोमवार को शहर के स्टेशन रोड स्थित एक प्रतिष्ठान पर बैठक हुई। इसमें सम्मेलन के लिए महिलाओं को जिम्मेदारियां सौंपी गईं। संयोजिका नीरू बाला जैन ने बताया कि सम्मेलन में मिस मैनपुरी और मिसेज मैनपुरी चुना जाएगा। सम्मेलन में मेहंदी, फैंसी ड्रेस, भजन गायन, लोकगीत लोकनृत्य, एकल नृत्य, दुल्हन सजाओ, बुनाई प्रतियोगिता के साथ बेबी शो होगा। संयोजिका ने बताया कि कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में जनपद का नाम रोशन करने वाली 12 महिला प्रतिभाओं को भी सम्मानित किया जाएगा। आवेदन फार्म शहर के स्टेशन रोड स्थित पुरुषोत्तम कलेक्शन, कचहरी रोड स्थित आरसी डिग्री कॉलेज, मोहल्ला कटरा स्थित नीरू बाला जैन, सेंट मेरीज स्कूल में जमा किए जाएंगे। आवेदन की अंतिम तिथि 10 अप्रैल है। बैठक में आयोजन समिति की सचिव रजनी गंभीर, रूपाली रस्तोगी, प्रभा कश्यप, बृजरानी कश्यप आदि मौजूद रहीं।