कासगंज। लोकसभा निर्वाचन के दृष्टिगत मीडिया सेल की जिला स्तरीय कमेटी एमसीएमसी (मीडिया सर्टिफिकेशन मॉनिटरिंग कमेटी) की बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में कमेटी की अध्यक्ष जिलाधिकारी सुधा वर्मा ने चुनाव आयोग के निर्देशों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। जिलाधिकारी ने कहा कि मतदाताओं के बीच भ्रामक सूचनाएं न फैलाई जाएं।उन्होंने कहा कि मीडिया माध्यमों में विज्ञापन प्रकाशन से पूर्व जिला स्तरीय कमेटी से अनुमति लेना अनिवार्य है। राजनैतिक दलों के प्रत्याशी या राजनैतिक दल चुनाव आयोग के द्वारा निर्धारित दरों के अनुसार प्रकाशन से तीन दिन पूर्व 3 प्रतियों में फार्म, विज्ञापन सामग्री के साथ आरओ को देंगे। इसकी समीक्षा के उपरांत ही आवेदन का निस्तारण होगा। यदि कोई पेड न्यूज बिना पूर्व सूचना के प्रकाशित होगी तो ऐसी स्थिति में संबंधित व्यक्ति एवं अन्य के विरुद्ध नोटिस जारी कर कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि आम मतदाताओं के बीच भ्रामक सूचनाएं न फैलाई जाएं। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर भी कड़ी निगरानी की जाएगी। सोशल मीडिया पर बिना पूर्व अनुमति के प्रचार किया गया तो इसे संज्ञान लिया जाएगा। जिलाधिकारी ने बताया कि नोडल अधिकारी मीडिया सेल के द्वारा प्रतिदिन सकारात्मक व नकारात्मक खबरों की समीक्षा की जाएगी। ई डिस्ट्रिक्ट मैनेजर अंशुल माहेश्वरी ने बताया कि सोशल मीडिया पर भ्रामक खबरों की निगरानी के लिए टीम गठित है। एक्स, फेसबुक और यू-ट्यूब की निगरानी करेगी।