कासगंज में सहावर के ग्राम गुनार में गिरी एक मकान की छत जिसमें दो बालक घायल हो गये ।
- फोटो : KASGANJ
कासगंज। बारिश थमने के बाद जर्जर मकान ढहने लगें हैं। शनिवार की रात जिले में दो स्थानों पर मकान और एक स्थान पर दीवार गिरने की घटना हुई। ढही दीवार के मलबे की चपेट में आने से एक ग्रामीण की मौत हो गई। जबकि गिरे मकान की छत की चपेट में आने से एक परिवार के दो बालक मलबे की जद में आकर घायल हो गए। तीनों ही स्थानों पर पहुंचकर राजस्व कर्मियों ने क्षति का आकलन किया।
दीवार गिरने की घटना थाना सिकंदरपुर वैश्य के गांव नगला पटे में गिरी। जहां ग्रामीण पप्पू (50) दीवार के मलबे की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया गया कि ग्रामीण दीवार के पास कुछ काम कर रहा था। मलबे में दबे ग्रामीण की चीख सुनकर परिजन व आस पास के लोग पहुंच गए। ग्रामीण मलबे में दबकर काफी घायल हो गया। परिवार के लोग ग्रामीण को इलाज के लिए ले जा रहे थे। तभी रास्ते में ग्रामीण की मौत हो गई। सूचना पर राजस्व कर्मी भी मौके पर पहुंच गए। सूचना पर थाना पुलिस ने ग्रामीण के शव का पोस्टमार्टम कराया है। वहीं सहावर तहसील क्षेत्र के गुनार गांव में एक मकान की छत गिर गई। यह घटना शनिवार देर सायं हुई। मकान के मलबे में जहां घरेलू सामान दबकर खराब हो गया वहीं दो बालक मंगा (10) पुत्र सुनहरी एवं बंशी (12) पुत्र प्रवेंद्र घायल हो गए। उन्हें सहावर के चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद सहावर के चिकित्सालय से दोनों बालकों को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया है। सूचना पर सहावर तहसील के राजस्वकर्मियों ने मौके का निरीक्षण किया है। पटियाली के नायब तहसीलदार अरविंद गौतम ने बताया कि मृतक ग्रामीण के आश्रितों को नियमानुसार कृषि दुर्घटना योजना के तहत मुआवजा दिया जाएगा।