ऑटो पार्ट्स की दुकान में लगी आग
- फोटो : अमर उजाला
मैनपुरी के कुसमरा में यादव नगर चौराहा स्थित ऑटो पार्ट्स की दुकान में शुक्रवार की देर रात शॉर्ट सर्किट के चलते आग लग गई। करीब एक घंटा बाद दमकलकर्मियों ने आग पर काबू किया। इस दौरान वहां पर अफरा तफरी का माहौल बना रहा। दुकान में लगी आग में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
यहां का है मामला
यादव नगर निवासी अशोक सिंह भारतीय स्टेट बैंक के सामने ऑटो पार्ट्स की दुकान किए हुए हैं। शुक्रवार को वह रोजाना की तरह दुकान बंद करने के बाद घर चले गए थे। देर रात करीब 12:30 बजे दुकान में शॉर्ट सर्किट के चलते आग लग गई। दुकान से धुआं निकलता देख वहां पिकेट पर तैनात पुलिसकर्मियों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। चौकी इंचार्ज को आग लगने की सूचा दी। वहीं दुकान स्वामी अशोक को भी जानकारी दी। कुछ ही देर बाद अशोक मौके पर आग गए और दुकान का शटर खोला। शटर खोलते ही आग की लपटें बाहर की ओर आने लगीं।
ये भी पढ़ें - Mainpuri: हत्या के मामले में गवाहों की गवाही नहीं करा रहे थे SHO घिरोर, उच्च न्यायालय ने किया तलब
सर्विस के लिए आईं दो बाइकें भी जलीं
आग लगने की जानकारी होने के बाद नगर पंचायत के कर्मियों ने आग को बुझाने के प्रयास शुरू कर दिए। इसके बाद दमकलकर्मी आ गए। करीब एक घंटा की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। आग में दुकान में सर्विस के लिए आईं तीन बाइकें व अन्य सामान आदि जल गया। यादव नगर के पास ऑटो पार्ट्स की दुकान में आग लगने के दौरान अफरा तफरी का माहौल रहा। दुकान स्वामी अशोक ने बताया कि आग में करीब 30 लाख से अधिक का नुकसान हुआ है।
पड़ोस की दो दुकानों में भी हुआ नुकसान
यादव नगर निवासी अशोक की ऑटो पार्ट्स की दुकान में भीषण आग लगी थी। शटर खोलने के बाद आग की लपटों ने पड़ोस के विवेक कुमार की ऑटो पार्ट्स और दीपक की बर्तन की दुकान को भी चपेट में ले लिया। आग में उक्त दोनों दुकान में रखा सामान जलने से नुकसान हुआ है।