कुरावली। रुस्तमपुर गांव निवासी एक विवाहिता की सोमवार की रात संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। मायके वालों के आने से पहले ससुरालीजन वहां से भाग निकले। दहेज हत्या का आरोप लगने के बाद पुलिस ने शव कब्जे में लेकर मोर्चरी भिजवाया। मंगलवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।
थाना क्षेत्र के रुस्तमपुर गांव निवासी देवेंद्र प्रताप की शादी वर्ष 2017 में कन्नौज जिले के थाना छिबरामऊ क्षेत्र के सिकंदरपुर गांव निवासी आरती (27) के साथ हुई थी। आरती के एक तीन साल और तीन माह की पुत्री है। सोमवार की रात विवाहिता का शव घर के एक कमरे में फंदे पर लटका मिला। जानकारी होने के बाद जब तक मायके पक्ष के लोग रुस्तमपुर पहुंचे। तब तक सभी ससुरालीजन वहां से भाग चुके थे। मायके पक्ष के सूचना देने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को मोर्चरी भिजवाया।
मायके पक्ष के लाेगों ने दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करने और हत्या करने का आरोप लगाया। मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया। प्रभारी निरीक्षक मोहर पाल का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का सही कारण स्पष्ट हो जाएगा। तहरीर व रिपोर्ट के आधार पर पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई करेगी।