फिरोजाबाद। मंगलवार को शहर की ट्रैफिक व्यवस्था पटरी से उतर गई। नगर निगम द्वारा कोटला चुंगी चौराहा पर बनाई गई ऑटो पार्किंग में पथ विक्रेताओं ने दुकानों को लगा लिया। ऑटो चौराहा पर खड़े हो गए। इससे कोटला चुंगी चौराहा से रामलीला मैदान और बंबा चौराहा की ओर जाने वाला रास्ता पूरी तरह से अवरुद्ध हो गया। वाहनों के निकलने की जगह नहीं बची तो जाम लग गया। सुबह से देर शाम तक जाम लगा रहा।
जाम में स्कूली वाहनों के साथ निजी वाहनों से स्कूल जाने वाले बच्चे भी फंस गए। बच्चों के समय से घर न पहुंचने पर परिजन को चिंता होने लगी। वह फोन पर संपर्क करते दिखाई दिए। जाम खुलवाने के लिए न तो नगर निगम की प्रवर्तन दल की टीम दिखाई दी और न ही पुलिस। ऐसे में लोगों को आधा से एक घंटे तक जाम में रुकना पड़ा। कोटला चुंगी चौराहा पर जाम लगने के साथ ही नगला बरी और सुभाष तिराहा की ओर आने वाले सर्विस रोड की भी यातायात व्यवस्था पटरी से उतर गई। यहां पर भी वाहनों की कतारें लगी दिखाई दीं। जबकि कोटला चुंगी चौराहा और क्लब चौराहा पर लगने वाले जाम से निजात दिलाने को नगर निगम द्वारा क्लब चौराहा और कोटला चुंगी चौराहा पर ऑटो पार्किंग बनवा दी गई है। इससे ऑटो सड़क और चौराहों पर खड़े न होकर पार्किंग में खड़े हो और चौराहों पर लगने वाला जाम समाप्त हो सके।