ताजनगरी में बंदर जान ले रहे हैं और जिला प्रशासन-वन विभाग कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है। बुधवार सुबह पूजा के लिए जा रहे एक व्यक्ति पर बंदरों ने हमला कर दिया। सीढ़ियों से गिरकर व्यक्ति गंभीर घायल हो गया। एसएन में चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना थाना कोतवाली क्षेत्र के माईथान की है। यहां के निवासी हरिशंकर पूजा करने के लिए जा रहे थे। जब घर से सीढ़ियां उतर रहे थे। उसी दौरान बंदरों ने उन पर हमला बोल दिया। सीढ़ियों से गिरकर हरिशंकर बुरी तरह घायल हो गए।
परिजन तत्काल उन्हें एसएन अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने हरिशंकर को मृत घोषित कर दिया। मृतक के परिजनों का आरोप है कि बंदरों पर प्रशासन कार्रवाई नहीं करता है। इससे पहले भी बंदरों ने जनपद में 12 दिन के बच्चे को मां की गोद से छीनकर मार डाला था।