पटियाली क्षेत्र में ट्रेन की चपेट में आने से मृतक इमली हसन का फाइल फोटो।
- फोटो : KASGANJ
पटियाली। दरियावगंज रेलवे स्टेशन पर एक युवक ट्रेन में चढ़ने के दौरान चपेट में आ गया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इमली हसन (25) निवासी ग्राम स्वर्ग द्वारी दरियावगंज में हेयर सैलून की दुकान करता है। दुकान से संबंधित सामान की खरीदारी करने के लिए उसे कासगंज जाना था।
वह बृहस्पतिवार की सुबह लगभग 8:30 बजे दरियावगंज रेलवे स्टेशन पर टिकट लेकर फर्रुखाबाद-कासगंज ट्रेन का इंतजार कर रहा था। जैसे ही ट्रेन आई वह उसमें स्थान पाने के लिए ट्रेन की ओर दौड़ा। इसी बीच वह ट्रेन की चपेट में आ गया और उसकी मौत हो गई। हादसे की सूचना पर जीआरपी भी मौके पर पहुंच गई।
मासूम के सिर से उठा पिता का साया
ट्रेन की चपेट में आकर मृतक इमली हसन निवासी ग्राम स्वर्गद्वारी की शादी लगभग दो वर्ष पूर्व हुई थी। उसकी मौत से पत्नी गुड़िया का रो रो कर बुरा हाल था। उसका एक वर्ष का मासूम पुत्र हैं। हादसे के बाद उसके सिर से पिता का साया उठ गया।