मैनपुरी। ईशन नदी पुल के पास रविवार की दोपहर वाहन चेकिंग के दौरान एक युवक छिपाकर वीडियो बना रहा था, टीएसआई ने शक होने पर जब मोबाइल देखा तो युवक को पकड़ कर कोतवाली भेजा, अहिरवा के रहने वाले युवक से पुलिस पूछताछ कर रही है।
शहर में ईशन नदी पर यातायात पुलिस रोजाना की तरह वाहन चेकिंग कर रही थी, तीन सवारी व बगैर हेलमेट वाहन चालकों को रोक कर पूछताछ करने के साथ ही चालान किए जा रहे थे। इस बीच एक बाइक सवार युवक चालान काट रहे टीएसआई लाखन सिंह के पास आकर रुका, वहां चालान काटे जाने व समन शुल्क लिए जाने का छिपकर वीडियो बनाने लगा।
शक होने पर टीएसआई ने जब युवक को पास बुलाकर मोबाइल देखा तो पता चला कि उनका वीडियो बनाया जा रहा था, टीएसआई के पूछने पर युवक ने अपना नाम टिंकू निवासी गांव अहिरवा थाना भोगांव बताया। पकड़े गए युवक को कोतवाली पुलिस को सौंप दिया गया।