किशनी (मैनपुरी)। जटपुरा चौराहा के पास स्थित अंग्रेजी शराब ठेका के सेल्समैन की नामजद लोगों ने पिटाई कर दी। आरोपी उस पर निर्धारित समय के बाद दुकान खोलने का दबाव बना रहे थे, आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर तीन आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र के गांव मनिगांव निवासी पंकज बाथम किशनी जटपुरा चौराहा के पास अंग्रेजी शराब के ठेका पर सेल्समैन है। 10 दिसंबर की रात वह निर्धारित समय पर दुकान बंद करने के बाद बाइक से घर जा रहा था। तभी दुकान के पास नगला रमू निवासी टीटू यादव, गौरव यादव, सचिन उर्फ पट्टे यादव ने आकर उसे रोक लिया। वह लोग दुकान को खोलने का दबाव बनाने लगे।
जब विरोध किया तो आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए उसे पीटना शुरू कर दिया। शोरशराबा सुनकर आसपास के लोग आने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देकर चले गए। उक्त घटना के बाद पीड़ित ने थाना में तहरीर दी, पुलिस ने घायल का मेडिकल कराया, आरोपियों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।