मैनपुरी। रविवार की रात हुई घटना में जान गंवाने वाला श्यामपाल छेड़छाड़ के मामले में वांछित चल रहा था, पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी, गांव निवासी महिला ने बीते 30 नवंबर को उसके खिलाफ कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया था।
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी श्यामपाल उर्फ सौरभ के खिलाफ गांव की ही रहने वाली एक महिला ने 30 नवंबर को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उस पर घर में घुसकर छेड़छाड़ किए जाने का आरोप लगाया था। उक्त मामले में तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी थी।
पुलिस लगातार वांछित श्यामपाल की तलाश कर रही थी, लेकिन वह पकड़ में नहीं आ पा रहा था। रविवार को पुलिस इस मामले में तलाश के लिए गांव गई थी, लेकिन उसके बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी थी।
रविवार की रात श्यामपाल को गोली मारने की सूचना मिलते ही पुलिस गांव पहुंची, परिजन व ग्रामीणों से घटना के बारे में जानकारी जुटाई। इधर, तब तक श्याम पाल को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज सैफई रेफर किया जा चुका था। पुलिस इस घटना के बाद जहां नामजद आरोपियों की तलाश कर रही है, वहीं घटना से जुड़े तमाम पहलुओं पर गंभीरता के साथ जांच कर रही है। समाचार लिखे जाने तक कोई भी आरोपी पुलिस की गिरफ्त में नहीं आ सका था।