मैनपुरी। वापी से चलकर इज्जतनगर जाने वाली समर स्पेशल ट्रेन कल सुबह 9:30 बजे मैनपुरी रेलवे स्टेशन पर पहुंचेगी। समर स्पेशल ट्रेन का कार्यक्रम जारी होने के बाद रेलवे स्टेशन पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। जिले के लोगों के लिए यह खुशखबरी है।
शिकोहाबाद-फर्रुखाबाद रेल मार्ग के विद्युतीकरण के बाद इस मार्ग पर ट्रेनों की संख्या बढ़ने लगी है। रेलवे ने गुजरात के वापी से बरेली के इज्जतनगर स्टेशन के लिए मैनपुरी-कासगंज होते हुए समर स्पेशल ट्रेन का संचालन शुरू किया है। समर स्पेशल ट्रेन संख्या 09005 वापी से 24 मार्च से शुरू होगी जो कल शनिवार 25 जून को सुबह 9:30 बजे मैनपुरी रेलवे स्टेशन पहुंच रही है। इस ट्रेन का संचालन 30 जून तक किया जाएगा।
वहीं, ट्रेन संख्या 09006 बरेली के इज्जत नगर से 25 मार्च को शाम 08:05 से चलेगी। इसका संचालन एक जुलाई तक किया जाएगा। यह ट्रेन रविवार को रात 2:15 बजे मैनपुरी पहुंचेगी।
वापी से चलकर मैनपुरी आने वाली ट्रेन का संचालन सप्ताह में दो दिन होगा। शनिवार और सोमवार को यह ट्रेन मैनपुरी से होकर गुजरेगी। जबकि इज्जतनगर से चलकर वापी जाने वाली ट्रेन रविवार और मंगलवार को जिले से होकर गुजरेगी। लोगों के लिए समर स्पेशल ट्रेन काफी सुविधाजनक होगी। जिले के लोग इस ट्रेन से मुंबई और बरेली तक का सफर आसानी से कर सकेंगे।