फोटो2 हादसे के बाद घटनास्थल पर पहुंचे थाना प्रभारी व पुलिस बल। संवाद
भोगांव। जीटी रोड पर शुक्रवार दोपहर परतापुर के पास बाइक सवारों को ट्रक ने चपेट में ले लिया, हादसे में बाइक पर बैठ कर जा रही वृद्धा की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं दंपती गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाया, शव को मोर्चरी में रखवाया।थाना क्षेत्र के गांव विरायमपुर सतघरा निवासी पंकज कुमार की ससुराल जनपद फर्रुखाबाद के गांव ऊगरपुर में है। शनिवार दोपहर को वह अपनी सास 55 वर्षीय मनोरमा देवी व पत्नी रजनी को बाइक पर बैठाकर मैनपुरी रिश्तेदार के यहां आ रहा था। तभी जीटी रोड पर गांव परतापुर के पास पीछे से आ रहे ट्रक ने बाइक सवारों को चपेट में ले लिया। ट्रक टक्कर लगने के बाद सड़क पर गिरीं मनोरमा देवी को रौंदता हुआ निकल गया। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पंकज और पत्नी रजनी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक ने घायल दंपती को एंबुलेंस से अस्पताल भिजवाया, वृद्धा के शव को मोर्चरी में रखवाया। पुलिस टक्कर मार कर भागे ट्रक की तलाश में जुट गई है।