कुरावली (मैनपुरी)। गांव राजलपुर में बृहस्पतिवार को एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। शव फंदे पर लटका मिला। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। मायके पक्ष ने ससुरालीजन पर हत्या किए जाने का आरोप लगाया। मौत का कारण जानने के लिए पुलिस ने शव जिला मुख्यालय स्थित मोर्चरी भिजवाया।थाना क्षेत्र के गांव राजलपुर निवासी विकास की शादी पांच जून 2023 को अंजुला उर्फ अंजली (22) निवासी दिवलपुर थाना एलाऊ के साथ हुई थी। विकास एक बैटरी की कंपनी में सर्विसमैन का काम करता है। बृहस्पतिवार की सुबह वह बेवर अपने काम पर गया था। पिता राजेश जो कि राजमिस्त्री हैं। वह भी अपने काम पर गए थे। सास ऊषा देवी भी बाहर गईं थीं। शाम करीब तीन बजे जब ऊषा घर वापस लौटी तो देखा कि अंजली का शव दुपट्टे के फंदे से लटका हुआ है। चीख पुकार सुनकर ग्रामीण एकत्र हो गए। दरवाजा तोड़ कर शव को फंदे से उतारा गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। वहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मृतका के मायके पक्ष के लोगों ने हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। पुलिस को तहरीर भी दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का सही कारण पता लग सकेगा। इसके बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।