मैनपुरी। जिले में उच्च रक्तचाप के मरीजों की संख्या तेजी के साथ बढ़ने लगी है। जिला अस्पताल में भर्ती दो मरीजों की पिछले 24 घंटे में मौत हो गई। वहीं पांच मरीजों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां से दो मरीजों को हालत बिगड़ने पर मेडिकल कॉलेज सैफई के लिए रेफर किया गया। बृहस्पतिवार को ईद के त्योहार के चलते 12 बजे तक जिला अस्पताल की ओपीडी का संंचालन हुआ। इस दौरान ओपीडी में 666 मरीज उपचार के लिए पहुंचे। इनमें उच्च और निम्न रक्तचाप के मरीजों की संख्या करीब 150 थी। कोतवाली थाना क्षेत्र के मोहल्ला गोला बाजार निवासी 65 वर्षीय रियाजुद्दीन को उच्च रक्तचाप की दिक्कत होने पर महाराजा तेज सिंह जिला अस्पताल लाया गया। यहां उपचार के कुछ मिनट बाद ही उनकी मौत हो गई। एलाऊ थाना क्षेत्र के गांव राजलपुर निवासी 55 वर्षीय अरविंद कुमार को उच्च रक्तचाप की दिक्कत होने पर बुधवार की रात जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां उपचार के दौरान देर रात उनकी मौत हो गई।
महाराजा तेज सिंह जिला अस्ताल में उच्च रक्तचाप के पांच मरीज बृहस्पतिवार को गंभीर हालत में भर्ती कराए गए। इनमें से दो मरीजों को हालत बिगड़ने पर मेडिकल कॉलेज सैफई के लिए रेफर किया गया। सीएमएस डॉ. मदनलाल का कहना था कि जिन दो मरीजों की मौत हुई है उन्हें अंतिम सांसों में ही अस्पताल लाया गया था।