करहल। कस्बा के पुराना थाना रोड पर दुकान किए एक सराफा व्यापारी ने इटावा के रहने वाले ग्राहक से 17.90 लाख रुपये लेने के बाद नकली जेवर थमा दिए। भेद खुलने के बाद कुछ जेवर वापस ले लिए, आरोप है कि अब सराफ उन्हें धमकी दिलवा रहा है, पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।जनपद इटावा के गांव चौबेपुर निवासी स्केंद्र सिंह ने बताया कि उन्होंने बेटे की शादी के लिए हैजल ज्वैलर्स पुराना थाना रोड करहल के प्रोपराइटर सोनू यादव निवासी नगला टीन भाग जगन्नाथपुर, आलोक कुमार और सुनील कुमार निवासी गांव धुबिया महानवंदपुर भोगांव से 73200 प्रति दस ग्राम के हिसाब से 240 ग्राम सोने के जेवर बनवाए थे। इसके लिए सोनू को 15 लाख रुपये एक बार और दो बार में 2.90 लाख रुपये मार्च 2025 को दिए थे। शादी के बाद करधनी टूटने पर जब वह टांका लगवाने गए तो उन्हें पता चला कि जेवर नकली हैं। सोनू से नकली जेवर की शिकायत की तो उसने 10 चीजें बदलने के लिए ले लीं। सात चीजें लिखित में वापस ले ली। एक मंगलसूत्र और एक चेन उनके पास है। सोनू व अन्य आरोपियों ने उनके साथ धोखाधड़ी की है। रुपये लेने के बाद नकली जेवर दिए हैं। अब उन्हें धमकी दिलवा रहे हैं। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि केस दर्ज किया गया है। जांच की जा रही है, जो भी सत्यता होगी। उसके आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।