मैनपुरी। अधीक्षण अभियंता रविप्रताप के निर्देशन में बिजली चोरी पर अंकुश लगाने के लिए रविवार को छुट्टी वाले दिन अभियान चलाया गया। अलग-अलग क्षेत्रों में निगम की छह टीमों ने अचानक एक साथ छापा मारा। 46 लोग विभिन्न माध्यमों से बिजली चोरी करते पाए गए। सभी के खिलाफ विद्युत थाने में एफआईआर दर्ज करा दी गई है।
जेई ओमप्रकाश सिंह ने उपकेंद्र चौराईपुर के अंतर्गत गांव नैगवा, समान एवं नगला गिरिंद में चेकिंग की, जिसमें 12 लोग विद्युत चोरी करते पाए गए। जेई विशंभर सिह ने उपकेंद्र कुर्रा के अंतर्गत गांव देवपुरा में चेकिंग की, जिसमें सात लोग विद्युत चोरी करते पाए गए। जेई सत्येंद्र प्रजापति ने विजलेंस के साथ उपकेंद्र शहजानपुर के अंतर्गत गांव कोडरा और नगला हरीसिंह में चेकिंग की। पांच लोग विद्युत चोरी करते पाए गए। जेई विवेक कुशवाहा ने उपकेंद्र शमशेरगंज के अंतर्गत ग्राम नगला गवे में चेकिंग की, जिसमें छह लोग बकाए पर कटे कनेक्शन बिना बकाया जमा किए चलाते पाए गए।
जेई ज्ञानेंद्र पुष्कर ने उपकेंद्र कुसमरा, अरसारा के अंतर्गत गांव नगला शीतल, नगला तारा, दिलीपपुर, परशुरामपुर, महिगवां, मकोया में चेकिंग की, जिसमें 11 लोग बकाए पर कटे कनेक्शन बिना बकाया जमा किए चलाते पाए गए। जेई नरायण सिंह ने उपकेंद्र कुचेला के अंतर्गत गांव उधन्ना में चेकिंग की जिसमें पांच लोग बकाए पर कटे कनेक्शन बिना बकाया जमा किए चलाते पाए गए।