मैनपुरी। लोकसभा उपचुनाव में प्रशासन की लाख तैयारियों के बाद भी मतदान के दिन एक नहीं कई स्थानों पर ईवीएम धोखा दे गई। वोट डालने के लिए मतदाताओं ने हंगामा किया। ईवीएम खराब होने से औसतन एक से दो घंटे तक मतदान बंद रहा। कई जगह मशीनें बदली गईं तो कई जगह मशीन सही कराकर मतदान शुरू कराया जा सका।
लोकसभा उपचुनाव कराने के लिए प्रशासन ने एक महीने पहले से तैयारियां शुरू कर दी थीं। सबसे ज्यादा जोर ईवीएम मशीनों पर रहा। अधिकारी लगातार तैयारियों का निरीक्षण करते रहे। लेकिन मतदान के दिन कुछ अलग ही नजारा देखने को मिला। सुबह से ही ईवीएम खराब होनी शुरू हो गईं। पीठासीन और मतदान अधिकारियों की सूचना पर मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने ईवीएम सही कराकर मतदान शुरू कराया।
मैनपुरी विधानसभा के कुरावली क्षेत्र के बूथ संख्या 369 सिरसा, बूथ संख्या 362 जुन्हैसा, बूथ संख्या 93 ग्वालटोली, बूथ संख्या 62 अेंजनी, भोगांव विधानसभा के बूथ संख्या 34 जरामई, किशनी विधानसभा के बूथ संख्या 350, बूथ संख्या 159, किशनी विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 300 मचवार, बूथ संख्या 201 चतुरीपुर भवानीगढ़ की ईवीएम खराब हो गई। जिससे मतदान बाधित हुआ। ईवीएम खराब होने से मतदाताओं ने जमकर हंगामा किया। कहीं एक तो कहीं दो घंटे तक मतदान बाधित हुआ। ईवीएम सही कराने के बाद ही मतदान शुरू हुआ।
बिना वोट डाले लौटे मतदाता
ईवीएम खराब होने से पहले तो मतदाता लाइन में लगे रहे। ईवीएम सही होने में विलंब होने पर कई मतदाता बिना वोट डाले ही लौट गए। ईवीएम सही कराने में हुए विलंब से जगह-जगह मतदाताओं में प्रशासन की चुनावी तैयारियों के प्रति आक्रोश देखने को मिला। मतदाताओं का कहना था कि प्रशासन की लाख कवायद के बाद भी ईवीएम मतदान के दिन आखिर धोखा दे ही गईं।