मैनपुरी। लोकसभा उपचुनाव के चलते जिला निर्वाचन अधिकारी के आदेश पर नवीन मंडी का अधिग्रहण किया गया है। आधी मंडी जहां बीते सप्ताह ही बंद करा दी गई थी, वहीं मंडी का बाकी बचा हिस्सा भी बुधवार को बंद करा दिया गया। हालांकि, बुधवार शाम तक यहां धान की तौल और उठान का कार्य चलता रहा। अब यहां दस दिनों तक व्यापार बंद रहेगा। इससे किसानों को परेशानी उठानी पड़ेगी।
चुनाव आयोग के आदेश के अनुसार पांच दिसंबर को मैनपुरी लोकसभा सीट पर उप चुनाव के लिए मतदान होना है। हर बार की तरह इस बार भी पोलिंग पार्टियों की रवानगी और वापसी के साथ ही स्ट्रांग रूम बनाने और मतगणना करने का कार्य नवीन मंडी में ही संपन्न होगा। इसके लिए नवंबर के प्रथम सप्ताह में ही जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश कृष्ण सिंह ने मंडी के अधिग्रहण का आदेश जारी कर दिया था। लेकिन धान की आवक को देखते हुए दुकानें तो खाली करा ली गईं, लेकिन व्यापार चलता रहा। इसके बाद दूसरे चरण में बीते सप्ताह आधी मंडी में व्यापार बंद करा दिया गया। लेकिन आधी मंडी में व्यापार होने से किसानों को कुछ राहत थी। बुधवार के बाद अब ये राहत भी खत्म हो गई है। अब पूरी मंडी बंद कर दी गई है। चार दिसंबर को पोलिंग पार्टियों की रवानगी, पांच दिसंबर को वापसी और आठ दिसंबर को मतगणना के कार्य के लिए दस दिसंबर तक मंडी में व्यापार बंद रहेगा।
इससे किसानों और आढ़तियों को फसलों के क्रय विक्रय में परेशानी होगी। मंडी में व्यापार बंद कराने के साथ ही मंडी को आगामी दस दिनों के लिए किसी भी अनाधिकृत व्यक्ति के प्रवेश के लिए वर्जित किया गया है। सुरक्षा के लिहाज से अर्धसैनिक बल भी मंडी में पहुंच गया है। जल्द ही मंडी में ईवीएम और वीवीपैट पहुंचाने का काम शुरू हो जाएगा।
---
जारी है बैरीकेडिंग का कार्य
आधी मंडी होने के साथ ही बीते सप्ताह नवीन मंडी में बैरीकेडिंग का काम शुरू हो गया था। प्रथम चरण में पोलिंग पार्टियों की रवानगी के लिए बैरीकेडिंग का कार्य कराया गया था। इसके साथ ही स्ट्रांग रूम के लिए प्रस्तावित दुकानों के बाहर भी बैरीकेडिंग कराई गई थी। वहीं अब मंडी बंद होने के बाद दूसरे चरण में मतगणना पंडाल आदि में बैरीकेडिंग कराई जाएगी।
नहीं कराई जा सकी धान खरीद की वैकल्पिक व्यवस्था
जिला प्रशासन ने मंडी के अधिग्रहण के दौरान आढ़तियों से वार्ता की थी। इसमें कहा था कि उनके व्यापार के लिए वैकल्पिक व्यवस्था कराई जाएगी। इसके लिए राजकीय इंटर कॉलेज और पॉलीटेक्निक कॉलेज का निरीक्षण भी किया गया। लेकिन इसके बाद प्रशासन ने वैकल्पिक व्यवस्था को ठंडे बस्ते में डाल दिया।
---
वर्जन
मंडी में जब तक संभव हो सका व्यापारी जारी रखा गया है। केवल दस दिनों के लिए मंडी बंद की गई है। इसके बाद विधिवत फिर से व्यापार शुरू हो जाएगा।
-नवीन कुमार कोहली, मंडी सचिव।