मैनपुरी में लोकसभा उपचुनाव को लेकर पुलिस सतर्कता बरत रही है। जिले में चौकसी बढ़ा दी गई है, इसके साथ ही अपराधियों पर भी पुलिस की पैनी नजर है। पुलिस द्वारा इसी क्रम में चलाए गए अभियान के दौरान तीन आरोपी अवैध असलाह के साथ गिरफ्तार किए गए।
बरनाहल और कोतवाली पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर की कार्रवाई के दौरान तमंचा बना रहे तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान 16 बने अधबने तमंचे और उपकरण आदि बरामद हुए। पुलिस लाइन में रविवार को आयोजित प्रेसवार्ता में एसपी कमलेश दीक्षित ने बताया कि लोकसभा चुनाव के मद्देनजर पुलिस क्षेत्र में सर्तकता बरत रही है। इसी क्रम में बरनाहल थानाध्यक्ष जैकब फर्नाडीज ने सुबह एक सूचना पर टीम के साथ एमाहसन नगर जाने वाले मार्ग पर दबिश दी, मौके से पुलिस ने तमंचा बना रहे दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना नाम मुन्ना लाल निवासी गांव प्रहलादपुर और मंजेश उर्फ मंजू उर्फ सत्यवीर निवासी गांव गोकुलपुर बताया। मौके से पुलिस को 10 तमंचे 315 बोर बने व अधबने बरामद हुए। वहीं तमंचा बनाने के उपकरण आदि भी मिले, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है।
सदर कोतवाली प्रभारी अजीत सिंह ने भी रविवार की सुबह एक सूचना पर टीम के साथ गांव मोहनपुर से ब्योंति खुर्द जाने वाले मार्ग पर एक बंद पड़े भट्ठा पर तमंचा बना रहे एक कारीगर को गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान एक साथी पुलिस को चकमा देकर भाग गया। मौके से पुलिस को तीन बने तमंचे सहित छह अधबने तमंचे व उपकरण आदि बरामद हुए। पूछताछ में पकड़े गए कारीगर ने अपना नाम सौरभ निवासी गांव ब्योंति खुर्द और भागे हुए साथी का नाम सुरजेश बताया। पुलिस भागे हुए आरोपी की तलाश कर रही है।
ये भी पढ़ें - Mainpuri Bypoll: मैनपुरी में किसकी होगी जीत, सुभासपा प्रत्याशी का नामांकन निरस्त होने से गड़बड़ाया चुनावी गणित
मुन्नाला है एक शातिर अपराधी
प्रेसवार्ता के दौरान एएसपी राजेश कुमार ने बताया कि बरनाहल पुलिस ने कार्रवाई के दौरान शातिर अपराधी मुन्नालाल को तमंचा बनाते गिरफ्तार किया है। प्रहलादपुर निवासी मुन्ना लाल पर करीब 17 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें जानलेवा हमला, डकैती, जानलेवा हमला आदि भी शामिल हैं, गुंडा एक्ट के साथ ही गैंगस्टर की कार्रवाई भी की जा चुकी है, पूर्व में भी वह कई बार जेल जा चुका है।