कुरावली क्षेत्र में सड़क हादसे में दंपती की मौत के बाद पोस्टमार्टम हाउस पर मौजूद परिजन।
- फोटो : MAINPURI
कुरावली (मैनपुरी)। थाना क्षेत्र में गंगाजमुनी के पास शनिवार की रात एक बाइक सवार पूर्व सैनिक व उसकी पत्नी को रोडवेज बस ने टक्कर मार दी। हादसे में दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। दंपती खिरिया पीपर के पास कैंटीन बंदकर घर आ रहे थे, हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। रविवार को पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराया।
कस्बा कुरावली के गांव खिरिया पीपर निवासी वितीश सिंह (50) वर्ष 2021 में सेना से सेवानिवृत्त होने के बाद गांव आ गए थे। गांव के पास ही वह कैंटीन का संचालन कर रहे थे। इसकी देखरेख वह खुद व पत्नी गिरजा देवी (45) करतीं थीं।
शनिवार की रात दंपती कैंटीन बंद करने के बाद बाइक से घर आ रहे थे, गंगा जमुनी के पास मार्ग से गुजर रही रोडवेज बस ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। पुलिस दंपती को जिला अस्पताल लेकर पहुंची, वहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। दंपती की हादसे में मौत के बाद परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है।