कासगंज में शुक्रवार को महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी आएंगे। वह तीन घंटे से अधिक समय तक जिले में विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। उनके आगमन को लेकर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। जिलाधिकारी हर्षिता माथुर एवं पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति ने आयोजन स्थल, हेलीपैड व अन्य स्थानों का निरीक्षण कर समीक्षा की। कार्यक्रम के आयोजकों से भी प्रशासनिक अधिकारियों ने बातचीत की।
ये है कार्यक्रम
राज्यपाल कोश्यारी हेलीकॉप्टर से यहां आएंगे। वह पड़ोसी जनपद एटा के राजा का रामपुर में कार्यक्रम में हिस्सा लेने के पश्चात यहां पुलिस लाइन के हेलीपैड पर 12:05 मिनट पर पहुंचेंगे। 12:10 बजे वह सड़क मार्ग से कार के द्वारा आयोजन स्थल श्री सूरज प्रसाद डागा सरस्वती विद्या मंदिर में पहुंचेंगे। यहां कार्यक्रम में एक घंटा रुकने के पश्चात वह सोरोंजी पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाऊस के लिए रवाना होंगे। यहां भोजन करने के उपरांत वह 3:10 बजे राव महेंद्र मान सिंह सरस्वती शिशु मंदिर भी पहुंचेंगे। यहां स्कूल के भ्रमण के उपरांत वह वापस पुलिस लाइन पर पहुंचेंगे। जहां हेलीकॉप्टर से बरेली एयरपोर्ट के लिए रवाना हो जाएंगे।
राज्यपाल कोश्यारी सरस्वती शिशु मंदिर में कर चुके हैं शिक्षण
उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी का कासगंज से पुराना नाता रहा है। वह सरस्वती शिशु मंदिर में 1965 से 1970 तक शिक्षण कार्य किया और प्रधानाचार्य रहे। वह कभी स्कूल में ही रात बिताते थे तो कभी संघ के कार्यालय पर। उनके नजदीकी भाजपा नेता एवं उद्योगपति श्याम अग्रवाल ने बताया कि बेहद साधारण जीवन जीने वाले कोश्यारी का जीवन राष्ट्र सेवा के लिए समर्पित है। जीवन में अनुशासन को हमेशा उन्होंने महत्व दिया है। साधारण भोजन वह पसंद करते हैं। वह अपनी पुरानी स्मृतियां ताजा करने सरस्वती शिशु में भी आएंगे। सराफा कारोबारी राजीव अग्रवाल बताते हैं कि वह शिशु मंदिर के छात्र थे। जब वे कक्षा में आते थे तो सभी छात्र छात्राएं अनुशासन में नजर आते थे। वह सहज और सरल स्वभाव के व्यक्ति हैं।