फिरोजाबाद जिले के टूंडला में शुक्रवार को जिलाधिकारी के आदेश पर शराब माफिया के खिलाफ प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई की है। प्रशासन ने मुनादी कराते हुए माफिया की करोड़ों की संपत्ति को कुर्क किया है। कुर्क की गई संपत्ति में खेत, दो प्लाट, दो फ्लैट, एक मकान और छह दुकानें शामिल हैं।
एसडीएम आदेश सागर के नेतृत्व में शुक्रवार को थाना प्रभारी राजेश कुमार पांडेय पुलिस फोर्स के साथ नगर के स्टेशन रोड स्थित सिटी सेंटर पर पहुंचे। जहां उन्होंने मुनादी कराते हुए बताया कि 25 जुलाई 2022 को डीएम रवि रंजन ने नगर के सिटी सेंटर निवासी शराब माफिया सुखवीर सिंह उर्फ सुक्खा यादव की संपत्ति को कुर्क करने के आदेश दिए थे।
आरोपी की जमीन पर संचालित हो रही यूनियन बैंक को लेकर एसडीएम ने बताया कि आरोपी की भूमि जिसका किराया पहले वह लेता था अब राज्य सरकार के खाते में जमा होगा। आरोपी का उसायनी स्थित खेत, दो प्लाट, सिटी सेंटर स्थित दो फ्लैट, एक मकान और छह दुकानें कुर्क की हैं। अब यह संपत्ति राज्य सरकार की हो गई है। इसकी खरीद-फरोख्त नहीं की जा सकेगी।
एक करोड़ 89 लाख रुपये की संपत्ति की जब्त
उसायनी में खेत 0.298 हेक्टेअर जिसकी कीमत 28 लाख 31 हजार रुपये है। उसायनी स्थित दो प्लाट कीमत 83 लाख सात हजार रुपये व सिटी सेंटर स्थित फ्लैट नंबर 15 व 17 की कीमत 24 लाख आठ हजार रुपये, सिटी सेंटर स्थित छह दुकानें कीमत एक करोड़ 28 लाख 31 हजार रुपये है। अचल संपत्ति की कुल कीमत एक करोड़ 89 लाख, सात हजार रुपये है। जब्तीकरण सहित कुल संपत्ति एक करोड़ 89 लाख 39 हजार रुपये है।
14 मुकदमे हैं दर्ज
आरोपी शराब माफिया सुखवीर उर्फ सुक्खा यादव पर वर्ष 1999 से अब तक विविध थानों में 14 मुकदमे दर्ज हैं। पांच मुकदमे थाना मक्खनपुर में एक मथुरा के थाना सदर में व आठ मुकदमे थाना टूंडला में दर्ज हैं।