कासगंज। जिला अस्पताल में बृहस्पतिवार को सीने में दर्द और सांस की बीमारी से परेशान लोगों की भीड़ नजर आई। डाॅक्टर के परामर्श के बाद मरीज बीमारी का पता करने के लिए एक्स-रे रूम के सामने लाइन में लग गए। यही हाल बीपी की जांच कराने वाली लाइन का था। घंटों में लाइन में लगने के बाद जवाब मिला कि एक्से-रे और बीपी की मशीनों में काेई खराबी आ गई है। हालांकि मशीन सही करने का काम शुरू किया गया, लेकिन मशीन ने सही से काम ही नहीं किया। मजबूरन लाइन में लगे मरीजों को बैरंग लाैटना पड़ा। मौसम के बार-बार बदलने का असर लोगों की सेहत पर पड़ रहा है। जिला अस्पताल में सुबह से ही मरीजों की कतार लग गईं। चिकित्सकों ने जिन मरीजों के लिए एक्स-रे लिखे, वह कक्ष पर पहुंचकर लाइन में लग गए। सुबह 10.30 बजे अचानक मशीन में तकनीक कमी आ गई। इससे एक्स-रे का कार्य प्रभावित हो गया। एक्स-रे कराने के लिए लगभग 20 मरीज लाइन में लगे हुए थे। लगभग दो घंटे तक मरीजों को इंतजार करना पड़ा। मशीन को ठीक करके काम शुरू किया गया, लेकिन फिल्म साफ नहीं आई। अस्पताल में सीने में दर्द आदि की शिकायत लेकर पहुंचने वाले मरीजों के लिए चिकित्सकों ने बीपी की जांच लिखी। अस्पताल में बुजुर्गों के लिए बीपी जांच की अलग से व्यवस्था है। जांच कराने के लिए बुजुर्ग लाइन में लगे हुए थे। दोपहर 12 बजे अचानक मशीन खराब हो गई। इसके बाद इन मरीजों को दूसरे कक्ष में लगी मशीन पर जांच के लिए भेजा गया। इससे इनको फिर से लाइन लगानी पड़ी। दूसरे कक्ष में पहले से ही काफी संख्या में लोग लाइन में लगे हुए थे। आवास विकास कॉलोनी निवासी विजय को बेचैनी की शिकायत होने पर अस्पताल लाया गया। चिकित्सकों ने उनको भर्ती कर लिया। सिटी मोहल्ला की दीपा पेट दर्द की शिकायत लेकर आई। उनको चिकित्सकों ने गंभीर हालत में भर्ती कर लिया।