कासगंज। जनपद के निम्न आय वर्ग के बच्चे भी अब निजी स्कूलों में प्रवेश पा सकेंगे। इसके लिए चार चरणों में ऑनलाइन आवेदन बेसिक शिक्षा विभाग के पोर्टल पर किए जाएंगे। पोर्टल पर कक्षा एक में प्रवेश के लिए आवेदन 20 जनवरी से शुरू होंगे। निम्न आय वर्ग के बच्चों का निजी स्कूलों में पढ़ने का सपना साकार होगा। प्रथम चरण में 20 जनवरी से 18 फरवरी तक ऑनलाइन आवेदन होंगे, जिसके बाद उनका सत्यापन 19 फरवरी से 25 फरवरी तक होगा। 25 फरवरी को प्रवेशार्थियों का चयन कर 6 मार्च तक उनके प्रवेश होंगे। द्वितीय चरण में ऑनलाइन आवेदन 1 मार्च से 30 मार्च तक होंगे, सत्यापन एक अप्रैल से 7 अप्रैल तक तथा चयन 8 अप्रैल को होने के बाद प्रवेश 17 अप्रैल तक दिलाया जाएगा। तृतीय चरण में 15 अप्रैल से 8 मई तक ऑनलाइन आवेदन होंगे, 9 मई से 15 मई तक सत्यापन और चयन 16 मई को होगा। चयनित बच्चों का प्रवेश स्कूलों में 23 मई तक किया जाएगा। चतुर्थ चरण में आवेदन 1 जून से 20 जून तक, सत्यापन 21 जून से 27 जून तक होगा। चयन 28 जून को होगा और कक्षा में प्रवेश 7 जुलाई तक कराया जाएगा। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राजीव अग्रवाल ने बताया कि पात्र अपने ऑनलाइन आवेदन दी गई तिथियों में कर सकते हैं।