फिरोजाबाद के थाना दक्षिण क्षेत्र में शुक्रवार को प्रेमी के घर के बाहर युवती संदिग्ध परिस्थिति में जल गई। आनन-फानन में उसे सरकारी ट्राॅमा सेंटर में भर्ती कराया। सूचना पर पहुंचे एसपी सिटी और सीओ सिटी ने पीड़िता से पूछताछ की। पीड़िता को गंभीर हालत में आगरा रेफर कर दिया है। वहीं परिजन की तहरीर पर तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार किया है।
रामगढ़ सैलई के मोहल्ला श्याम नगर निवासी 23 वर्षीय रिया सेन के दक्षिण क्षेत्र के मोहल्ला नई बस्ती निवासी प्रभात राठौर से करीब आठ वर्ष से प्रेम संबंध थे। पिछले महीने युवक की कहीं और शादी हो गई। इसके बाद से युवक ने युवती से बात करना भी बंद कर दिया था। युवती के भाई इंद्रजीत ने बताया कि युवती शुक्रवार सुबह आठ बजे बिना किसी को बताए घर से निकल गई थी और वह युवक के घर पहुंच गई। दोनों के बीच प्रेम संबंध की बात को लेकर काफी तनातनी भी हुई। आरोप लगाया कि इसके बाद बात बढ़ने लगी तो युवक ने अपने पिता जगदीश और मां विमला के साथ मिलकर उसके ऊपर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग के हवाले कर दिया।
युवती की चीख सुनकर आसपास के लोग मौके पर आ गए और उसे बचाया। इसके बाद जानकारी मिलते ही युवती के परिजन भी मौके आ गए। परिजन उसे आनन-फानन में सरकारी ट्राॅमा सेंटर लेकर पहुंचे। जानकारी मिलते ही एसपी सिटी सर्वेश कुमार मिश्र, सीओ सिटी हिमांशु गौरव, थाना प्रभारी योगेंद्र पाल सिंह अस्पताल पहुंचे और युवती व परिजन से पूछताछ की। युवती को गंभीर हालत में आगरा रेफर किया गया है।
एसपी सिटी सर्वेश कुमार मिश्र ने बताया कि युवती के परिजन की तहरीर पर तीन लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास, एससी-एसटी एक्ट व अन्य धाराओं में नामजद मुकदमा दर्ज किया है। प्रभात राठौर को हिरासत में ले लिया है। सीसीटीवी कैमरे चेक करने पर पता चला कि युवती एक बोतल में खुद ही तरल पदार्थ लाई थी। मामले में जांच की जा रही है।