कुरावली। थाना पुलिस ने कुछ दिन पूर्व एक दंपती से लूट करने वाले दो शातिर लुटेरों को तमंचा और कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से लूटी गई रकम भी बरामद हुई। उनकी गिरफ्तारी पर 10-10 हजार रुपया का इनाम भी घोषित था, पकड़े गए लुटेरों को पुलिस ने न्यायालय में पेश किया। वहां से उन्हें जेल भेजा गया।
थाना क्षेत्र में 14 जून को जीटी रोड एक पेट्रोल पंप के पास एक बाइक सवार दंपती से लूट की वारदात अंजाम दी गई थी। उक्त घटना के बाद दंपती की ओर से रिपोर्ट दर्ज करने के बाद पुलिस लुटेरों की तलाश कर रही थी। इस दौरान पता चला कि सोनू सिंह और शिवम सिंह निवासी नगला कैल गढ़िया थाना एलाऊ ने यह वारदात अंजाम दी है। तभी से पुलिस उन दोनों की तलाश कर रही थी। एसपी कमलेश दीक्षित ने गिरफ्तारी पर 10-10 हजार रुपया का इनाम घोषित किया था। बुधवार की सुबह पुलिस को सूचना मिली कि लुटेरे जैथरा बॉर्डर के पास किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में खड़े हैं। सूचना पर पुलिस ने दबिश देकर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जा से लूटी गई नकदी में से 4840 रुपया बरामद हुए। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने के बाद आरोपियों को न्यायालय में पेश किया। वहां से दोनों ही लुटेरों को जेल भेजा गया।