लोकसभा चुनाव के द्वितीय चरण के लिए 18 अप्रैल को मतदान के दौरान एत्मादपुर क्षेत्र के जटौआ बूथ पर पीठासीन अधिकारी की गलती से ईबीएम में गड़बड़ी हो गई थी। मामले में संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी रत्नेश सिंह के आदेश पर अब यहां 25 अप्रैल को पुर्नमतदान होगा।
एत्मादपुर विधानसभा क्षेत्र के थाना बरहन के गांव जटौआ स्थित प्राथमिक विद्यालय के बूथ संख्या 455 पर आगरा लोकसभा क्षेत्र के लिए द्वितीय चरण में 18 अप्रैल को मतदान हुआ था। तब 439 मतदाताओं में से 141 वोटरों ने अपना मतदान भी किया था।
इस दौरान दिन में करीब 11 बजे के बाद ईवीएम मशीन में कुछ खराबी होने पर वहां तैनात पीठासीन अधिकारी द्वारा इसे सही करने का प्रयास किया गया था। तभी मशीन लॉक हो गई। साथ ही इरेज का बटन दबने पर डाले गए वोट भी डिलीट हो गए। सूचना पर अधिकारियों ने दूसरी ईवीएम मशीन लगा कर मतदान आरंभ कराया था।
एसडीएम अंबरीश कुमार बिंद ने बताया कि उक्त प्रकरण की जानकारी उसी समय आला अधिकारियों को दी गई थी। जिस पर संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी रत्नेश सिंह ने 25 अप्रैल को सुबह प्रात: 7 बजे से लेकर शाम 6 बजे तक पुनर्मतदान कराने के आदेश दिए हैं।